विधायकों के टूटने का खतरा, MLAs के साथ होटल में शिफ्ट हुए गहलोत




जयपुर/नई दिल्ली:
 राजस्थान इस समय देश की राजनीति का केंद्र बना हुआ है. राजस्थान की राजनीति की तरंगें दिल्ली तक महसूस की जा रही हैं. सचिन पायलट की नाराजगी से गहलोत सरकार पर संकट के बादल छा गए हैं. कांग्रेस अब सचिन पायलट को मनाने के लिए पूरी कोशिश कर रही है. गहलोत और पायलट के बीच सुलह के लिए प्रियंका गांधी ने हस्तक्षेप किया है लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस को अपने विधायकों के टूटने का खतरा लग रहा है. इसलिए कांग्रेस ने अपने विधायकों को जयपुर के होटल में शिफ्ट कर दिया है. इससे पहले, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर जयपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस के करीब 101 विधायक पहुंचे.  
राजस्थान में जारी सियासी संकट पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने कहा, "राजस्थान के लोगों ने कांग्रेस को राज्य में सरकार बनाने का मौका दिया था. उन्हें इसका सही इस्तेमाल करना चाहिए था. सीएम को अपनी सरकार बरकरार रखनी चाहिए थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं. उनकी पार्टी के विधायक उनसे खुश नहीं हैं."

Comments